जबलपुर। कटंगी क्षेत्र स्थित निदान फॉल में सोमवार को हुई तेज बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ गया, जिससे घूमने आए दो युवक बीच की एक चट्टान पर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और देर शाम करीब 8:30 बजे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार कंचनपुर निवासी आर्यन बर्मन और हर्ष शुक्ला सोमवार को निदान फॉल घूमने पहुंचे थे। नहाने के दौरान वे कुंड के समीप पहुंच गए। इसी बीच क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे फॉल का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। पानी से घिर जाने पर दोनों युवक पास की एक ऊंची चट्टान पर पहुंच गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।
शाम के समय जंगल से लकड़ी लेकर लौट रहे ग्रामीणों ने युवकों की पुकार सुनी और तत्काल कटंगी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग को भी सहायता के लिए बुलाया गया।
संयुक्त रेस्क्यू टीम ने रस्सियों और सर्च लाइट की मदद से चुनौतीपूर्ण अभियान चलाया। अंधेरा होने के बावजूद टीम ने सावधानीपूर्वक दोनों युवकों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सफल रेस्क्यू के बाद दोनों ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस ने बारिश के मौसम में जलप्रपातों और नदी-नालों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की।
