![]() |
| AI IMAGE |
जानकारी के अनुसार, बेलबाग स्थित सूर्यांश ट्रेडर्स में देर रात चोरी की वारदात हुई। जब व्यापारी सुबह दुकान पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर रखा माल गायब था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोर करीब 15 से 20 लाख रुपये मूल्य की आईटीसी और जीपीआई कंपनी की सिगरेट लेकर फरार हो गए।
जबलपुर पान मसाला व्यापारी संघ के सदस्य सचिन जैन ने बताया कि यह दुकान उनके व्यापारी मित्र एवं भतीजे सौरभ जैन की है। उनका आरोप है कि बेलबाग क्षेत्र में चोरी, लूट और छिनैती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।
व्यापारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी एक व्यापारी से 70 हजार रुपये की लूट हुई थी, लेकिन उसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं किया गया। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
पान मसाला व्यापारी संघ ने पुलिस प्रशासन से चोरी का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा बेलबाग क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाकर व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
