Breaking

सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 29 लाख की ठगी, शिक्षिका गिरफ्तार


जबलपुर। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगारों से लाखों रुपये ऐंठने के मामले में घमापुर पुलिस ने एक शिक्षिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घमापुर निवासी राखी बंशकार और विदिशा में पदस्थ सहायक शिक्षक गिरजेश सिंह राजपूत कथित तौर पर मिलकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देते थे और इसके एवज में मोटी रकम वसूलते थे।

पुलिस के मुताबिक सिद्धबाबा शिवशक्ति मंदिर क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय अभिनव सेन बीएड का छात्र है और राखी बंशकार के बच्चों को घर जाकर ट्यूशन पढ़ाता था। इसी दौरान राखी ने उसकी मुलाकात गिरिजेश सिंह राजपूत से कराई। आरोप है कि गिरिजेश ने नेताओं और अधिकारियों से अपनी पहचान होने तथा पूर्व में कई लोगों की सरकारी नौकरी लगवाने का दावा किया।

इसके बाद गिरिजेश ने अभिनव को जबलपुर कलेक्ट्रेट में ग्रेड-1 पद पर भर्ती निकलने की जानकारी देते हुए उसकी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। पुलिस के अनुसार, नौकरी दिलाने के नाम पर अभिनव से 3 लाख 52 हजार रुपये लिए गए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो अभिनव ने मामले की शिकायत पुलिस से की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपितों ने अन्य बेरोजगारों को भी इसी तरह अपने जाल में फंसाया था। पुलिस के अनुसार अस्मिता बंसल, मोहनीश बंसल, रजनीश बंसल सहित अन्य लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 29 लाख रुपये लिए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि रकम दोनों आरोपितों के बीच बांट ली जाती थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले गिरिजेश सिंह राजपूत को विदिशा से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में राखी बंशकार की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब दोनों आरोपितों से जुड़े अन्य लोगों, ठगी के शिकार हुए व्यक्तियों तथा रकम के लेन-देन से संबंधित जानकारी जुटा रही है। पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद मंगलवार को दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले में यह भी पता लगाने में जुटी है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा आरोपितों ने अन्य बेरोजगारों से कितनी रकम वसूली है।
और नया पुराने