Breaking

दमोहनाका में विवाद के बाद चाकूबाजी, प्रॉपर्टी ब्रोकर घायल; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

 


जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के दमोहनाका बस स्टैंड के पास शराब दुकान के सामने विवाद के बाद चाकूबाजी का मामला सामने आया है। घटना में एक प्रॉपर्टी ब्रोकर घायल हो गया, जिसे उसके साथियों ने उपचार के लिए नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए।

पुलिस के अनुसार, शंकरशाह नगर, गोरखपुर निवासी गौरव गुप्ता प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करता है। गौरव ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे वह अपने दोस्त विवेक उर्फ अंशुल ठाकुर, आलोक और सत्यम सिंह राजपूत के साथ दमोहनाका बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के सामने खड़ा था।

इसी दौरान विवेक उर्फ अंशुल की वहां मौजूद एक ठेले वाले से किसी बात को लेकर बहस हो गई। गौरव के अनुसार, जब वह विवाद का कारण पूछने पहुंचा तो ठेले वाले ने अपना नाम गन्नू पटेल बताते हुए उसके और अंशुल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

गौरव ने जब गाली देने से मना किया तो आरोप है कि गन्नू पटेल ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में गौरव के पेट, सीने और माथे में चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। साथियों ने घायल गौरव को तत्काल उपचार के लिए नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद गोहलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने गौरव की शिकायत पर आरोपी गन्नू पटेल के खिलाफ धारा 296(बी) और 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

और नया पुराने