Breaking

स्कूटर के शौकीन निकले वाहन चोर, नाबालिग साथी समेत 4 गिरफ्तार; 7 दोपहिया बरामद

 


जबलपुर। हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक मोटरसाइकिल और छह स्कूटी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि झिन्ना मोहल्ला पहाड़ी में मजार के सामने चार युवक संदिग्ध हालत में स्कूटी और मोटरसाइकिल लेकर खड़े हैं। वे चोरी के वाहनों को बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान मोहित कोरी, मयंक उर्फ रचित चौधरी, देवांश श्रीवास्तव और एक नाबालिग के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे के आदी हैं और घूमने-फिरने का शौक पूरा करने के लिए वाहन चोरी करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर हनुमानताल, लखनादौन, खितौला, कटनी, मंडला और सिहोरा से चोरी किए गए कुल सात दोपहिया वाहन बरामद किए गए। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटा रही है।

और नया पुराने