जबलपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को अपने जबलपुर प्रवास के दौरान वाहन निर्माणी जबलपुर (वीएफजे) में टी-72 और टी-90 टैंकों के ओवरहॉलिंग के लिए प्रस्तावित रणनीतिक सुविधा का भूमि पूजन किया। 472 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से जबलपुर में हर साल 80 अतिरिक्त टैंकों के ओवरहॉलिंग की क्षमता विकसित होगी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह दिन देश की औद्योगिक आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाई देने के साथ जबलपुर को रक्षा निर्माण के क्षेत्र में और मजबूत पहचान दिलाने वाला है। उन्होंने कहा कि परियोजना में स्थानीय प्रतिभाओं और तकनीकी कार्यबल को भी अवसर मिलेगा। युवाओं में कौशल की कमी नहीं है, उन्हें अवसर, तकनीक और बेहतर इकोसिस्टम उपलब्ध कराने की जरूरत है।
हर साल 230 टैंकों का होगा ओवरहॉलिंग
राजनाथ सिंह ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद टैंकों के ओवरहॉलिंग की कुल क्षमता बढ़कर 230 टैंक प्रतिवर्ष हो जाएगी। इसमें एचवीएफ अवाडी में 150 टैंक और वीएफजे जबलपुर में 80 टैंक प्रतिवर्ष ओवरहॉल किए जा सकेंगे। इससे भारतीय सेना को आवश्यकता के अनुसार समय पर टैंक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
रक्षा आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
रक्षा मंत्री ने आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (एवीएनएल) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के रक्षा औद्योगिक ढांचे का महत्वपूर्ण स्तंभ है। एवीएनएल को टी-72 और टी-90 श्रेणी के टैंकों के ओवरहॉलिंग का 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान आने वाले वर्षों में गुणवत्ता, उत्पादकता, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता के नए मानदंड स्थापित करेगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस परियोजना से न केवल सेना की जरूरतों को पूरा करने की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर तकनीकी रोजगार और कौशल विकास के अवसर भी बढ़ेंगे। यह परियोजना ‘आत्मनिर्भर भारत’ और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार, एवीएनएल के सीएमडी सत्यव्रत मुखर्जी, चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ मेजर जनरल संजय गौतम, संभागायुक्त धनंजय सिंह, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
