Breaking

15 अगस्त से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, 11-14 अगस्त तक दिल्ली की ट्रेनों में पार्सल बुकिंग बंद




जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए 11 अगस्त से 14 अगस्त तक दिल्ली जाने वाली सभी ट्रेनों में पार्सल बुकिंग सेवा अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान दिल्ली क्षेत्र के छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पार्सल की बुकिंग और डिलीवरी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

इस फैसले का असर जबलपुर सहित पश्चिम मध्य रेलवे के अन्य स्टेशनों से दिल्ली सामान भेजने वाले व्यापारियों, यात्रियों और आम नागरिकों पर पड़ेगा। रेलवे ने सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया है।
दिल्ली के छह प्रमुख स्टेशनों पर रोक

रेलवे प्रशासन के अनुसार, प्रतिबंध नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली सराय रोहिल्ला और आदर्श नगर दिल्ली स्टेशनों पर लागू रहेगा।
सामान्य पार्सल से लेकर लीज्ड एसएलआर तक प्रतिबंध

इस अवधि में सामान्य और रजिस्टर्ड पार्सल की बुकिंग नहीं की जाएगी। इसके अलावा लीज्ड एसएलआर, एजीसी और वीआईपी एवं स्पेशल कोचों के माध्यम से होने वाले माल परिवहन पर भी रोक रहेगी।

रेलवे के इस निर्णय के चलते 11 से 14 अगस्त के बीच जबलपुर से दिल्ली के इन स्टेशनों के लिए सामान भेजने वाले लोगों को अपनी योजना आगे बढ़ानी होगी। 15 अगस्त से पार्सल सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है।

रेलवे प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और प्रतिबंधित अवधि को ध्यान में रखते हुए अपने माल परिवहन की योजना बनाएं।
और नया पुराने