Breaking

जबलपुर-मंडला मार्ग पर पेट्रोल पंप में डकैती, हथियारबंद नकाबपोशों ने 95 हजार रुपये लूटे

 


जबलपुर। बरेला-मंडला मार्ग पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अतुलित फिलिंग स्टेशन में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बिना नंबर की गहरे नीले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे 6-7 बदमाशों ने तमंचे और रिवॉल्वर की नोक पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों को धमकाया और करीब 95 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।

वारदात रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। उस समय पेट्रोल पंप कर्मचारी लखन सोयाम और अभिषेक पटेल वाहन में पेट्रोल डालने पहुंचे थे। तभी स्कॉर्पियो से हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाश उतरे और कर्मचारियों को घेर लिया।

बदमाशों ने लखन सोयाम को पकड़कर उसकी जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये निकाल लिए। बदमाशों को हथियारों के साथ देखकर अभिषेक पटेल दीवार फांदकर मौके से भाग निकला। इसके बाद आरोपी लखन को धमकाते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस में ले गए।

 कांच का दरवाजा तोड़कर कैश बॉक्स से 85 हजार रुपये लूटे

बदमाशों ने ऑफिस के कांच के दरवाजे का लॉक तोड़ दिया और अंदर रखे कैश बॉक्स से करीब 85 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद सभी आरोपी अपनी स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

 सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई है। वारदात की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस और मनेरी पुलिस चौकी का दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और संभावित ठिकानों की तलाश शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आसपास के थानों को भी अलर्ट किया गया है।
और नया पुराने