Breaking

कपड़ों के ट्रॉली बैग और कार्टन में छिपाकर रखी थी शराब, क्राइम ब्रांच ने दो तस्करों को दबोचा


जबलपुर। रक्षाबंधन के दिन जबलपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घमापुर थाना क्षेत्र के करिया पाथर इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने एक मकान से ट्रॉली बैग और कार्टन में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब तस्करी में इस्तेमाल कार और इलेक्ट्रिक स्कूटर भी जब्त किए गए हैं।

घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के मुताबिक क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करिया पाथर मरघटाई रोड स्थित न्यू बिल्डिंग की पहली मंजिल पर दीपक कोरी के मकान में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और घमापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस को देखते ही कमरे में मौजूद दो युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान दीपक कोरी और आयुष चौधरी के रूप में हुई।

ट्रॉली बैग और कार्टन से निकली शराब

कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को एक बड़े ट्रॉली बैग और कागजी कार्टन में छिपाकर रखी गई शराब मिली। पुलिस के अनुसार जब्ती में 50 बोतल और 47 पाव देशी शराब, चार कार्टन में रखे 200 पाव देशी शराब के अलावा बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब शामिल है।

बरामद शराब में रॉयल चैलेंजर की 18 बोतल, मैजिक मोमेंट्स की 8 बोतल, एमडी रम की 20 बोतल, बकार्डी लेमन की 4 बोतल और एमडी व्हिस्की की 5 बोतल शामिल बताई गई हैं।

कार और इलेक्ट्रिक स्कूटर से करते थे सप्लाई

पुलिस पूछताछ में आरोपी आयुष चौधरी ने बताया कि वह अपनी कार क्रमांक MP 20 ZS 6533 और ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर क्रमांक MP 20 ZL 6393 से अलग-अलग स्थानों से शराब लाकर दीपक के मकान में स्टोर करता था। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बड़ा फुहारा निवासी नयन रजक, साहिल यादव और गौरव जायसवाल के नाम भी बताए हैं। इनके माध्यम से सरकारी दुकानों से शराब लाकर अलग-अलग लोगों के जरिए खपाने की बात सामने आई है।

पुलिस अब मामले में शराब सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सप्लायरों की तलाश की जा रही है।

और नया पुराने