Breaking

जबलपुर में दिनदहाड़े 71,840 रुपए की लूट, चार बदमाशों ने शराब दुकान कर्मचारी को बनाया निशाना

 


जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मानेगांव स्थित देशी शराब दुकान की बिक्री के 71,840 रुपए लेकर ऑफिस जमा करने जा रहे कर्मचारी को चार बदमाशों ने रास्ते में रोककर लूट लिया। आरोपियों ने पहले उसकी बाइक के सामने एक्टिवा अड़ाकर उसे सड़क पर गिराया और फिर मारपीट व छीना-झपटी कर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बाइक के सामने एक्टिवा अड़ाकर गिराया

पुलिस के अनुसार कृष्णा सिटी माढ़ोताल निवासी अनिल सिंह ठाकुर (38) मानेगांव देशी शराब दुकान में कर्मचारी है। वह दुकान की बिक्री के कुल 71,840 रुपए नीले रंग के बैग में रखकर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 20 MH 2835 से कटंगा, गोरखपुर स्थित ऑफिस में जमा करने जा रहा था। बैग में 12,210 रुपए देशी और 59,630 रुपए अंग्रेजी शराब की बिक्री के थे।

अनिल जैसे ही भटोली पुल के आगे मोड़ पर पहुंचा, नीले रंग की एक्टिवा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाशों ने उसकी बाइक के सामने एक्टिवा अड़ा दी। अचानक रास्ता रुकने से अनिल बाइक समेत सड़क पर गिर गया।

मारपीट कर बैग छीना

पीड़ित के मुताबिक, बाइक से गिरते ही बदमाशों ने उसके साथ मारपीट और छीना-झपटी शुरू कर दी। इसके बाद मोटरसाइकिल के हैंडल से बंधा रुपयों का बैग निकाल लिया और ग्वारीघाट की तरफ भाग गए। अनिल ने बदमाशों का विरोध करते हुए उन पर पत्थर भी फेंके, लेकिन आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

तीन ने ढका था चेहरा

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चारों बदमाशों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच थी। इनमें से तीन ने कपड़े से चेहरा ढक रखा था, जबकि एक बदमाश का चेहरा खुला हुआ था। वारदात के बाद आरोपी ग्वारीघाट की ओर भागे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

और नया पुराने