Breaking

गुलौआ चौक पर युवक से मोबाइल छीनकर फरार हुए स्कूटी सवार तीन बदमाश

 


जबलपुर। संजीवनीनगर थाना क्षेत्र के गुलौआ चौक पर स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाश एक युवक का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से युवक घबरा गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

रामलीला मैदान, गढ़ा निवासी 20 वर्षीय योगेन्द्र उपाध्याय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह महाकौशल स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। गुलौआ चौक पहुंचने पर उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके चलते वह सड़क किनारे रुककर बात करने लगा।

इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर योगेन्द्र का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, तीनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।

वारदात के बाद योगेन्द्र ने आसपास आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने संजीवनीनगर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने युवक की शिकायत पर अज्ञात स्कूटी सवार आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

और नया पुराने