Breaking

बारिश में सड़क किनारे हुआ अंतिम संस्कार, कोनी कलां में मुक्तिधाम नहीं होने से सामने आई मूलभूत सुविधाओं की कमी

 


जबलपुर। पाटन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोनी कलां के बासन गांव में मुक्तिधाम की सुविधा नहीं होने का मामला सामने आया है। रविवार को घनश्याम बर्मन के निधन के बाद परिजनों और ग्रामीणों को बारिश के बीच सड़क किनारे उनका अंतिम संस्कार करना पड़ा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद गांव में लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में लंबे समय से मुक्तिधाम नहीं है। ऐसे में किसी ग्रामीण की मृत्यु होने पर परिजनों को खुले आसमान के नीचे अंतिम संस्कार करना पड़ता है। रविवार को भी रिमझिम बारिश के बीच गांव के बाहर सड़क किनारे अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीण नेतराम ने बताया कि मुक्तिधाम के लिए शेड निर्माण की मांग सरपंच सकून बाई और पंचायत सचिव राजेश से कई बार की गई, लेकिन पंचायत के पास शासकीय जमीन उपलब्ध नहीं होने का हवाला दिया गया।

पंचायत सचिव राजेश ने भी बताया कि पंचायत क्षेत्र में मुक्तिधाम निर्माण के लिए शासकीय जमीन उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।

जनपद CEO ने जमीन तलाशने के दिए निर्देश

मामले की जानकारी सामने आने के बाद जनपद पंचायत CEO अखिल सहाय ने सरपंच और सचिव से चर्चा की। अधिकारियों ने उन्हें गांव में मुक्तिधाम के लिए उपयुक्त जमीन तलाशने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा की जा रही है।

SDM बोले- जल्द कराया जाएगा जमीन का आवंटन

SDM मानवेंद्र सिंह ने बताया कि सरपंच, सचिव और ग्राम कोटवार को कार्यालय बुलाया गया है। मुक्तिधाम के लिए जमीन की आवश्यकता को देखते हुए जल्द से जल्द जमीन आवंटित कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

अब ग्रामीणों को प्रशासन की पहल से उम्मीद है कि गांव में स्थायी मुक्तिधाम की व्यवस्था हो सकेगी, ताकि भविष्य में किसी परिवार को बारिश या खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे अंतिम संस्कार करने की मजबूरी न हो।

और नया पुराने