जबलपुर। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने शनिवार रात से रविवार तड़के तक व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश देकर वारंटियों, फरार आरोपियों, अवैध शराब कारोबारियों और हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार कॉम्बिंग गश्त अभियान 29 अगस्त की रात 9 बजे से 30 अगस्त की रात 2 बजे तक चलाया गया। इस दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें सक्रिय रहीं। अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, गुंडे-बदमाशों पर निगरानी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।
223 वारंट तामील
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर दबिश देकर कुल 223 वारंट तामील किए। इनमें 99 गैर जमानती वारंट, 69 गिरफ्तारी वारंट और 55 जमानती वारंट शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इनमें कई ऐसे आरोपी भी शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे।
पुलिस टीमों ने आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाकर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ भी कार्रवाई की। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 16 लीटर कच्ची शराब तथा 416 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद कर जब्त की गई।
