Breaking

सदर बाजार में सीवर चेंबर के ढक्कन चोरी, ऑटो रिक्शा से आए चोर CCTV में कैद

 



जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र के व्यस्ततम सदर बाजार में इन दिनों शातिर चोरों का गिरोह सक्रिय नजर आ रहा है। चोर कैंट बोर्ड द्वारा नालियों और सीवर चेंबरों पर लगाए गए कीमती स्टील के ढक्कन चोरी कर रहे हैं। हाल ही में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में चोरों की करतूत कैद हुई है, जिसमें वे ऑटो रिक्शा से आते और मौका मिलते ही सीवर चेंबर का ढक्कन उखाड़कर फरार होते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले रहवासी कॉलोनियों को निशाना बनाया था, लेकिन अब उन्होंने बाजार क्षेत्र में भी वारदातें शुरू कर दी हैं। ताजा मामला गली नंबर-1, लाल स्कूल के पास का सामने आया है, जहां सीवर चेंबर का ढक्कन चोरी कर लिया गया।

चोरी से हादसे का खतरा बढ़ा

सीवर चेंबर और नालियों के ढक्कन चोरी होने से जहां कैंट बोर्ड को आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ढक्कन नहीं होने से खुले पड़े चेंबर और नालियां हादसों को न्योता दे रहे हैं। रात के समय पैदल राहगीरों और वाहन चालकों के इनमें गिरने का खतरा बना हुआ है।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश की मांग

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फुटेज के आधार पर ऑटो रिक्शा और उसमें सवार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस गिरोह पर शिकंजा नहीं कसा गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

और नया पुराने