Breaking

MP में मौसम का डबल अटैक! भोपाल-इंदौर समेत 10 जिलों में भारी बारिश, बाकी जिलों में येलो अलर्ट



 मध्य प्रदेश में अगस्त की विदाई बारिश के साथ हो रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। छतरपुर, पन्ना, सतना और टीकमगढ़ में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, रविवार यानी 30 अगस्त को भी प्रदेश के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी भोपाल में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में हल्की बारिश या रिमझिम फुहारें देखने को मिल सकती हैं।

शनिवार को बारिश ने मचाई तबाही

मौसम का असर शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में साफ दिखाई दिया। छतरपुर, पन्ना, सतना और टीकमगढ़ में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए। चित्रकूट में गोरगी बांध फूटने के बाद आसपास के इलाकों में पानी भर गया। मंदाकिनी नदी भी करीब 30 फीट के उफान पर रही। पानी का बहाव इतना तेज था कि रामघाट का बड़ा पुल भी बह गया। कई इलाकों में हालात बिगड़ने के बाद नावों की मदद से लोगों को निकालने का काम किया गया। रामघाट और भरतघाट पूरी तरह पानी में डूब गए। घाट के आसपास बनी करीब 400 दुकानें भी बाढ़ के पानी की चपेट में आ गईं। नयागांव राजमहल तक पानी पहुंच गया। कई लोग घरों और होटलों में फंसे रहे, जिन्हें निकालने के लिए SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं।

सतना में रेलवे ट्रैक और थाने में घुसा पानी

सतना जिले में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। मझगवां में रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया। इसकी वजह से आनंद विहार से रीवा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को कई घंटों तक खड़ा रहना पड़ा। नागौद में बाढ़ का पानी थाने और पेट्रोल पंप तक पहुंच गया। वहीं, कोठी में एक मकान गिरने से चार भैंस मलबे में दब गईं। इनमें से दो की मौत हो गई।

पन्ना में गांव बने टापू

पन्ना जिले में भी लगातार बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ और वे टापू जैसे नजर आने लगे। शनिवार को बानसुजारा बांध के 8 गेट खोल दिए गए। इसके बाद धसान नदी में 792 घन मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से पानी छोड़ा गया। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण नदी और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।

लो प्रेशर एरिया की वजह से मजबूत हुआ मौसम सिस्टम

मौसम विभाग भोपाल के मुताबिक, प्रदेश में बना लो प्रेशर एरिया यानी निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से बारिश का सिस्टम मजबूत हुआ है। इसी वजह से शनिवार को कई जिलों में तेज बारिश हुई और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रविवार को भी इसका असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा।


और नया पुराने