जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के गांधी चौक में बीती रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब तीन बदमाशों ने किराना व्यापारी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में व्यापारी के सीने, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल व्यापारी को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया। यहां उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रभात स्कूल रांझी निवासी अभिषेक श्रीपाल की गांधी चौक में किराना दुकान है। बीती रात करीब 9 बजे अभिषेक अपने पिता अनिल श्रीपाल के साथ दुकान पर बैठा था। इसी दौरान नितिन साहू, शिवा समुंद्र और राज चौधरी दुकान पर पहुंचे। तीनों ने सिगरेट समेत करीब 80 रुपये का सामान खरीदा और बिना भुगतान किए जाने लगे।
अभिषेक ने जब सामान के रुपये मांगे तो तीनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने अभिषेक को दुकान से बाहर घसीटा और चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले को देखकर उसके पिता अनिल श्रीपाल चीख पड़े।
शोर सुनकर अभिषेक के दोस्त रितेश, संजीव सिंह समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
लोगों ने खून से लथपथ अभिषेक को उपचार के लिए नेपियर टाउन स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी नितिन साहू क्षेत्र का कुख्यात बदमाश बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में चाकूबाजी और मारपीट सहित पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
