दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आलमपुर बाईपास के पास हुए हमले में युवक के हाथ का पंजा कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान आलमपुर निवासी 33 वर्षीय गुमान पिता खेत सिंह के रूप में हुई है। गुमान ने आलमपुर गांव के सरपंच अजुद्दी आदिवासी समेत छह लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक रोककर हमला करने का आरोप
घायल गुमान के अनुसार, वह शुक्रवार को खड़ेरी से बाइक से आलमपुर बाईपास की ओर जा रहा था। रास्ते में शौच के लिए रुकने के दौरान दो बाइकों पर सवार छह लोग वहां पहुंचे। गुमान का आरोप है कि मुड़ी आदिवासी ने उसका हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद सरपंच अजुद्दी आदिवासी समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जंगल की ओर ले गए।
गुमान के मुताबिक, इसी दौरान अजुद्दी आदिवासी ने उसके हाथ के पंजे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे पंजा कटकर अलग हो गया। घायल ने बताया कि वह आरोपियों में से दो लोगों को पहचानता है, जबकि अन्य चार की पहचान उसे नहीं है।
एक दिन पहले भी हुआ था विवाद
गुमान ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले गुरुवार को वह सरपंच अजुद्दी आदिवासी को बिजली कार्यालय लेकर गया था। लौटते समय सरपंच ने ढाबे पर चिकन खाने के लिए कहा। खाना खाने के बाद दोनों वहां से निकले। इसी दौरान वाहन को लेकर विवाद हुआ।
गुमान का आरोप है कि सरपंच ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। जब उसने गाड़ी ठीक कराने की बात कही तो कथित तौर पर मना कर दिया गया। इसके बाद गाड़ी पर पत्थर मारने की बात भी घायल ने बताई है। गुमान के अनुसार, इसी विवाद को लेकर अगले दिन उस पर हमला किया गया।
डायल-112 से मिली सूचना
बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि आलमपुर निवासी गुमान सिंह का किसी व्यक्ति ने हाथ काट दिया है। सूचना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों, आरोपियों की भूमिका और हमले में इस्तेमाल हथियार को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार, डायल-112 की मदद से युवक को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। मारपीट के दौरान उसके हाथ में गंभीर चोट आई थी और पंजा कट गया था। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
