Breaking

जबलपुर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा शुरू, जनप्रतिनिधियों ने ई-बस में किया सफर

 


जबलपुर। शहर में पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की दिशा में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। जबलपुर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का शुभारंभ किया गया। सेवा शुरू होने के अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक बस में सफर कर व्यवस्थाओं और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।


शुभारंभ के बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, कलेक्टर राधुवेन्द्र सिंह और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी ई-बस से सिविल लाइन से गोरखपुर तक पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने बस की सुविधाओं, संचालन व्यवस्था और यात्रियों के लिए उपलब्ध इंतजामों का निरीक्षण किया।

दो प्रमुख रूटों पर शुरू हुआ संचालन


लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि फिलहाल शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन दो प्रमुख रूटों पर किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा संचालित इस सेवा का उद्देश्य शहरवासियों को प्रदूषण रहित, आरामदायक और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।

ई-बस सेवा के शुरू होने से शहरवासियों को सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प मिलेगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल आधारित वाहनों पर निर्भरता कम करने और शहर के वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

भविष्य में बढ़ सकती है बसों की संख्या

शहर में यात्रियों की मांग और ई-बस सेवा के संचालन के अनुभव के आधार पर भविष्य में रूटों का विस्तार किया जा सकता है। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा को शहर के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिलेगा।

और नया पुराने