Breaking

शिक्षक दिवस पर सड़क पर उतरेंगे अतिथि शिक्षक, सरकार को घोषणाएं और वादे याद दिलाने की तैयारी



भोपाल। शिक्षक दिवस जहां शिक्षकों के सम्मान और योगदान को याद करने का अवसर है, वहीं मध्य प्रदेश में अतिथि शिक्षक इसी दिन अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन करने की तैयारी में हैं। प्रदेशभर से अतिथि शिक्षकों के भोपाल पहुंचने का सिलसिला जारी है। शिक्षक राजधानी में प्रदर्शन के जरिए सरकार को पूर्व में की गई घोषणाओं और वादों की याद दिलाएंगे।

अतिथि शिक्षकों का आरोप है कि सरकार की ओर से समय-समय पर उनकी मांगों को लेकर कई घोषणाएं की गईं, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी कई मांगें अब तक पूरी नहीं हुई हैं। इसी के विरोध में अतिथि शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया है।

शाहजहानी पार्क में जुटेंगे अतिथि शिक्षक

भोपाल के शाहजहानी पार्क में अतिथि शिक्षकों का प्रदर्शन प्रस्तावित है। आंदोलन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है।

वार्षिक अनुबंध समेत कई मांगें

अतिथि शिक्षक लंबे समय से सेवा में स्थायित्व और अन्य मांगों को लेकर सरकार से ठोस निर्णय की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में वार्षिक अनुबंध समेत सेवा से जुड़ी विभिन्न मांगें शामिल हैं। शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से सरकारी स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी

अतिथि शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि केवल आश्वासन से अब काम नहीं चलेगा। यदि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने सरकार से पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने की मांग की है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर होने वाला अतिथि शिक्षकों का यह प्रदर्शन सरकार के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि आंदोलन के बाद सरकार की ओर से अतिथि शिक्षकों की मांगों को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।


और नया पुराने