Breaking

जबलपुर में 14 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पहले भी 4-5 बार कर चुका था प्रयास

 



जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर शुभ आशीष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव रामलीला मैदान स्थित पुराने VFJ स्कूल के पंडाल के पास झाड़ियों में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मां के निधन के बाद ताऊ कर रहे थे पालन-पोषण

पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार गंगा मैया विश्वकर्मा मंदिर के पास रहने वाले किराना व्यापारी मनीष बाजपेई ने बताया कि उनके छोटे भाई आशीष बाजपेई इंदौर में निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी का निधन काफी समय पहले हो चुका है। इसके बाद से शुभ आशीष की देखभाल और पालन-पोषण उसके ताऊ मनीष बाजपेई कर रहे थे।

कुछ समय से मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चल रहा था इलाज

परिजनों के अनुसार करीब एक महीने पहले शुभ आशीष की तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति को लेकर परेशानी सामने आई। परिजनों ने बताया कि इस दौरान उसने कई बार खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी किया था।

1 सितंबर को परिजन उसे इलाज और काउंसलिंग के लिए मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सक के पास लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों की जांच के बाद परिजनों को उसकी स्थिति को लेकर जानकारी दी गई थी। इसके बाद वे उसे वापस घर ले आए।

परिवार उसकी निगरानी रख रहा था और उसे व्यस्त रखने के लिए ताऊ अपनी किराना दुकान पर भी साथ रखते थे।

दुकान से अचानक निकला किशोर

बताया गया कि दुकान पर मौजूद रहने के दौरान शुभ आशीष अचानक बिना बताए स्कूटी लेकर घर की ओर निकल गया। करीब 10 मिनट बाद जब परिजनों को उसके नजर नहीं आने की जानकारी हुई तो उसकी तलाश शुरू की गई।

इसी दौरान मोहल्ले के कुछ युवकों ने रामलीला मैदान स्थित पुराने VFJ स्कूल के पंडाल के पास झाड़ियों में एक स्कूटी खड़ी देखी। संदेह होने पर अंदर जाकर तलाश की गई, जहां शुभ आशीष मृत अवस्था में मिला।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कराया और मर्ग कायम कर लिया।

पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना से पहले उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

परिवार में पसरा मातम

14 वर्षीय किशोर की मौत की खबर से परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को स्पष्ट कर सकेगी।

और नया पुराने