सदर में सीवर चेंबर के ढक्कन चुराने वाले संदिग्ध दबोचे, ऑटो से मिलीं लोहे-स्टील की जालियां
जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र के व्यस्ततम सदर बाजार और आसपास की रहवासी कॉलोनियों में सीवर चेंबर के ढक्कन चोरी होने की लगातार घटनाओं के बीच मंगलवार रात स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की सतर्कता से दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। आरोप है कि ऑटो रिक्शा के जरिए लोहे और स्टील के चेंबर ढक्कन एवं जालियां चोरी की जा रही थीं।
रात 11:30 बजे राहगीरों ने की घेराबंदी
अधिवक्ता प्रणव अवस्थी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11:30 बजे सदर स्थित कन्या माध्यमिक स्कूल के सामने राहगीरों की नजर एक ऑटो में सवार संदिग्धों पर पड़ी। स्थानीय निवासी विशाल गुप्ता ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑटो चालक को मौके पर पकड़ लिया।
इसके बाद विशाल गुप्ता ने एपीआर कॉलोनी के अध्यक्ष प्रणव अवस्थी को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, दोनों संदिग्ध हिरासत में
सूचना मिलने पर प्रणव अवस्थी और आशीष शर्मा मौके पर पहुंचे तथा कैंट थाना प्रभारी को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पहुंची पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान ऑटो रिक्शा से कथित तौर पर चोरी की गई सीवर चेंबर की लोहे और स्टील की जालियां भी बरामद हुईं। पुलिस ने ऑटो रिक्शा और बरामद सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में सामने आई थी करतूत
इससे पहले क्षेत्र में ऑटो सवार लोगों द्वारा नालियों और सीवर चेंबरों पर लगे ढक्कन उखाड़कर ले जाने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी थी।
चेंबर के ढक्कन गायब होने से आर्थिक नुकसान के साथ सड़क और नालियों में खुले गड्ढे राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बन रहे थे। खासकर रात के समय हादसे की आशंका अधिक बनी हुई थी।
कैंट बोर्ड पहले भी कर चुका था शिकायत
क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर कैंट बोर्ड प्रशासन द्वारा भी पूर्व में पुलिस से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। अब संदिग्धों के पकड़े जाने के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
अन्य चोरियों के संबंध में भी पूछताछ
पुलिस पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्षेत्र में पूर्व में हुई इसी तरह की चोरी की घटनाओं से उनका कोई संबंध है या नहीं।
