Breaking

नर्मदा महोत्सव 2026 का शुभारंभ


जबलपुर। प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना कर भेड़ाघाट में आयोजित दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ किया। माँ नर्मदा के पावन तट पर आयोजित इस महोत्सव के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और पर्यटन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

भेड़ाघाट अपनी विश्वप्रसिद्ध संगमरमरी चट्टानों, धुआंधार जलप्रपात और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए देश-विदेश में पहचान रखता है। नर्मदा महोत्सव इस क्षेत्र की सांस्कृतिक विशिष्टता को प्रदर्शित करने के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन प्रदेश की लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और आध्यात्मिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

दो दिवसीय महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कला, संगीत और परंपराओं की विविध छटा देखने को मिलेगी। नर्मदा तट पर आयोजित यह उत्सव श्रद्धालुओं, पर्यटकों और कला प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, नीरज सिंह, अभिलाष पांडे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल तथा नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
और नया पुराने