दमोह। राजनीति के खेल में माहिर भाजपा ने दमोह उपचुनाव के पांच दिन पहले सबसे बड़ा पत्ता खोलकर कांग्रेस को टेंशन में डाल दिया है। जिनसे भितरघात का खतरा था यानि मलैया परिवार को न केवल मना लिया गया बल्कि उन्हें विशेष सम्मान देकर चुनाव मैदान में पसीना बहाने के लिए मजबूर कर दिया। उन्हें पार्टी ने जीत का खेवनहार मानकर खास जिम्मेदारी भी सौंप दी हैं। दमोह में भाजपा को मजबूती देने वाले जयंत मलैया को दौरों और सभाओं के हेलिकॉप्टर सुविधा दी है, तो उनके बेटे सिद्धार्थ मलैया को दमोह शहर का पूरा प्रभार सौंप दिया है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने कथावाचक रामसिया भारती को उतारा है।
दमोह विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव 17 अप्रेल को होने जा रहे हैं। अभी तक टिकट न मिलने के कारण अभी तक पूर्व मंत्री जयंत मलैया सहित उनका परिवार कोप भवन में बैठा था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तमाम कोशिशों के बाद आखिर उन्हें मना ही लिया। कोपभवन से बाहर आकर पूर्व मंत्री जयंत मलैया हवाई दौरे कर भाजपा के पक्ष में वोट मांगने लगे हैं और उनके बेटे सिद्धार्थ मलैया अपनी युवा टीम टीम के साथ शहरी क्षेत्र की बागडोर थामकर पसीना बहाने लगे हैं। दरअसल, भाजपा ने पूर्व मंत्री मलैया को हेलीकाॅप्टर की सुविधा उपलब्ध करा दी है जबकि उनके बेटे को शहरी क्षेत्र का प्रभार सौंप दिया है। जानकारों के अनुसार मलैया परिवार की उपेक्षा करके पार्टी चुनाव जीत ही नहीं सकती है, इस बात को भाजपा नेतृत्व अच्छी तरह से समझ चुका था। अंदरूनी चर्चाओं के कई दौर के बाद मलैया जी झकाझक कुर्ता पायजामा पहनकर हवाई दौरों पर निकल चुके हैं। इतना ही नहीं अब भाजपा के पक्ष में वोट मांगते पिता और पुत्र के वीडियो भी वायरल कराए जा रहे हैं। इसके पहले से भूपेन्द्र सिंह व गोपाल भार्गव मैदान में मोर्चा सम्भाले हुए थे और अब मलैया परिवार के आ जाने से उन्हें मजबूती मिलेगी। हालांकि टिकट न मिलने से मलैया समर्थकों में अभी भी नाराजगी बनी हुई है और यह किस हद तक भितरघात में बदलेगी यह अभी भी रहस्य बना हुआ है।
समाजों के बीच पहुंचे सीएम
उपचुनाव के चलते सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दमोह पहुंचे। उन्होंने दिनभर में विभिन्न समाजों के लोगों से मुलाकात कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वे रजक समाज, मसीही समाज, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, कर्मकांडी पंडितों की बैठक, सिंधी समाज, स्वर्णकार समाज के कार्यक्रमों में शामिल हुए।
कांग्रेस को साध्वी पर भरोसा
जबकि दूसरी ओर दमोह उपचुनाव में जीत के लिए कांग्रेस भी हर दांव आजमाने की तैयारी में है। कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों में कथा वाचक साध्वी रामसिया भारती का नाम शामिल किया है। इसके साथ ही पार्टी राम नाम का जाप करने की तैयारी कर रही है। वहीं साध्वी रामसिया की राजनीतिक क्षेत्र में अच्छी पकड़ है। ऐसे में स्टार प्रचारक के रूप में उनके प्रचार करने से कांग्रेस को कितना फायदा हुआ यह तो परिणाम आने पर ही पता चलेगा।
