Breaking

टेन्ट संचालकों ने किया सीएम का विरोध, पुलिस ने चलाई लाठियां




दमोह। सरकार ने कोरोनाकाल में शादी विवाह को लेकर काफी कुछ प्रतिबंध लगा रखे हैं जिसकी वजह से टेन्ट, डीजे जैसे कई व्यवसायों पर ग्रहण लगा हुआ है। इसी बात से नाराज दमोह में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान को विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। हालांकि मुख्यमंत्री का काफिला निकलते ही पुलिस बल ने विरोध करने वालों को लाठियों से बल इस्तेमाल कर वहां से भागने के लिए मजबूर कर दिया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार दमोह में चल रहे विधानसभा के उपचुनाव से जुड़ी एक सभा को संबोधित करने के लिए सीएम चैहान स्थानीय उमा मिस्त्री की तलैया पर पहुंचे। सभा स्थल से कुछ ही दूरी पर डीजे तथा टेंट हाउस एसोसिएशन के सदस्य तथा उनके कर्मचारी विरोध स्वरूप बैनर और तख्तियां लेकर खड़े थे। विरोध करने वालों ने मुख्यमंत्री के वहां पहुंचते ही जमकर नारेबाजी करना शुरु कर दिया। बैनर व तख्तियों में लिखे नारों की बानगी कुछ इस प्रकार थी।

चुनाव में नहीं है कोरोना
शादी विवाह में है रोना

चुनाव का बहिष्कार
पेट पर पड़ रही मार



    
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
सड़क पर पुरजोर विरोध होते देख पुलिस अधिकारी भी सकते में आ गए और मुख्यमंत्री के सामने अपनी किरकिरी बचाने के लिए लाठियों से बल प्रयोग करना शुरु कर दिया। कुछ ही देर में वहां का माहौल बदल गया और विरोध करने वालों को मौके से भागने के लिए रास्ता खोजना पड़ा। बताया गया है कि लाठीचार्ज में करीब आधा दर्जन प्रदर्शनकारियों को हल्की चोट आई हैं।




और नया पुराने