दिग्विजय सिंह के विवादित बोल, कहा- कांग्रेस सत्ता में आई तो कश्मीर में धारा 370 फिर लागू करेंगे - Khabri Guru

Breaking

दिग्विजय सिंह के विवादित बोल, कहा- कांग्रेस सत्ता में आई तो कश्मीर में धारा 370 फिर लागू करेंगे

नई दिल्ली। क्लब हाउस चैट का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 हटाए जाने के फैसले पर बोल रहे हैं। उनके कथित ऑडियो में वह बोल रहे हैं कि यहां से जब धारा-370 हटाई गई, तब लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन नहीं किया गया। इस दौरान न ही इंसानियत का तकाजा रखा गया और इसमें कश्मीरियत भी नहीं थी। सभी को कालकोठरी में बंद कर दिया गया। अगर कांग्रेस सरकार सत्ता में आई, तो हम इस फैसले पर फिर से विचार करेंगे और धारा-370 लागू करेंगे।

इसके बाद एक ओर भाजपा दिग्विजय पर हमलावर दिखी, तो वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस चीफ फारुख अब्दुल्ला ने कांग्रेस नेता का शुक्रिया अदा किया। भाजपा से राज्यसभा सांसद ज्योतिर्दित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस आज भी पाकिस्तान का पक्ष लेने से नहीं चूकती। यही कांग्रेस की नीति और नीयत का सच है। मुझे आश्चर्य नहीं हुआ। वहीं, फारुख ने कहा कि मैं दिग्विजय जी का बहुत आभारी हूं। उन्होंने लोगों की भावनाओं को महसूस किया है। मैं उम्मीद करता हूं कि सरकार इस पर दोबारा गौर करेगी।

पाकिस्तानी जर्नलिस्ट के सवाल पर दिया जवाब
दरअसल, दिग्विजय देश-विदेश के कुछ पत्रकारों से वर्चुअली बात कर रहे थे। इस दौरान शाहजेब जिल्लानी धारा-370 से जुड़ा एक सवाल कांग्रेस महासचिव से पूछा। दावा किया जा रहा है कि जिल्लानी एक पाकिस्तानी पत्रकार हैं। जिल्लानी ने पूछा था कि जब मौजूदा सरकार जाती है और भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद दूसरा प्रधानमंत्री मिल जाता है, तो कश्मीर पर आगे का रास्ता क्या होगा? मुझे पता है कि अभी भारत में जो हो रहा है, उसके कारण यह हाशिये पर है। हालांकि, यह एक ऐसा मुद्दा है जो दोनों देशों के बीच इतने लंबे समय से मौजूद है।

धार्मिक कट्टरवाद समाज के लिए खतरनाक : दिग्विजय
जिल्लानी के सवालों के जवाब में दिग्विजय ने कहा, 'मैं मानता हूं कि जो चीज समाज के लिए खतरनाक है, वह है धार्मिक कट्टरवाद। यह धार्मिक कट्टरवाद नफरत की ओर ले जाता है, और नफरत से हिंसा होती है।'

भाजपा का सवाल- क्या यह कांग्रेस का भी स्टैंड?
इस पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के क्लब हाउस स्टेटमेंट पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी क्या सोचते हैं? क्या कांग्रेस का भी यही स्टैंड है? हम मांग करते हैं कि राहुल गांधी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करें और स्पष्टीकरण दें।

पेज