जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन नौकरी और टास्क के जरिए कमाई का लालच देकर एक छात्रा से लगभग दो लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले भरोसा जीतने के लिए मुनाफा दिया, फिर धीरे-धीरे अलग-अलग बहानों से बड़ी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अशोकनगर निवासी 23 वर्षीय कीर्ति जैन तिलवारा स्थित पूर्णायु चिकित्सालय दयोदिया में बीएमएस की छात्रा हैं। कुछ दिन पहले टेलीग्राम के माध्यम से उनसे संपर्क कर ऑनलाइन टास्क पूरे करने पर आकर्षक कमाई का ऑफर दिया गया। विश्वास कायम करने के लिए पहला टास्क पूरा होने पर उनके खाते में 5 हजार रुपये भेजे गए।
इसके बाद साइबर ठगों ने विभिन्न टास्क का हवाला देकर छात्रा से पहले 5 हजार, फिर 10 हजार, 30 हजार और 50 हजार रुपये जमा कराए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि सभी टास्क पूरे होने पर पूरी राशि लाभ सहित वापस कर दी जाएगी।
जब छात्रा ने अपनी जमा रकम लौटाने की मांग की तो ठगों ने नया बहाना बनाते हुए कहा कि भुगतान जारी करने के लिए एक लाख रुपये और जमा करने होंगे। अपनी रकम वापस मिलने की उम्मीद में छात्रा ने 25-25 हजार रुपये की चार किस्तों में यह राशि भी ट्रांसफर कर दी। इसके बाद भी न तो पहले जमा किए गए पैसे लौटाए गए और न ही अतिरिक्त राशि वापस मिली। उल्टा आरोपी और अधिक पैसे जमा करने का दबाव बनाने लगे।
खुद के साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर कीर्ति जैन ने तिलवारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
