जबलपुर। गौरीघाट स्थित साकेतधाम के अधिष्ठाता स्वामी गिरीशानंद जी महाराज का 62वाँ वर्धापन दिवस आज श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया जाएगा। इस अवसर पर महाराज श्री के शिष्यों एवं भक्तों द्वारा विविध धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे श्री रामेश्वरम महादेव के आशीर्वाद के साथ नर्मदा पूजन एवं दुग्धाभिषेक से होगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 251 फलदार वृक्षों का रोपण किया जाएगा। इसके पश्चात स्वामी गिरिशानंद जी की पादुकाओं का पूजन, प्रसादी वितरण तथा शहर के विभिन्न गणमान्य नागरिकों द्वारा महाराज श्री का पूजन किया जाएगा।
सायं 4 बजे श्री रामेश्वरम महादेव का 51 लीटर गंगाजल से अभिषेक किया जाएगा। वहीं शाम 6:30 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
इस अवसर पर आयोजकों ने गुरु की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में ज्ञान, विवेक, सुख, समृद्धि और सहिष्णुता की प्राप्ति गुरु की कृपा से ही संभव होती है। 'गुरु' वह है जो मनुष्य को अज्ञान रूपी अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है।
इस पावन आयोजन में श्रीमती ऋतु अनिल गोयल, रविन झुनझुनवाला, पंडित रोहित दुबे, अशोक टेकरीवाल, मीनू अग्रवाल, दिलीप चतुर्वेदी, राजेश केडिया, तुषार त्रिवेदी, रमेश नवेरिया, मोनी अग्रवाल, पंडित सौरभ दुबे, भानु नवेरिया एवं के.के. चतुर्वेदी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सभी भक्तों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
