Breaking

नचिकेता स्कूल के छात्रों में खूनी भिड़ंत, मोबाइल विवाद पर चाकूबाजी में दो घायल

जबलपुर। शहर के नेपियर टाउन स्थित एक निजी स्कूल के छात्रों के बीच चला आ रहा विवाद मंगलवार को हिंसक झड़प में बदल गया। गढ़ा थाना क्षेत्र के शारदा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने कुछ युवकों ने दो छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों छात्र घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, छात्र छायांक यादव का कुछ दिन पहले स्कूल परिसर से मोबाइल फोन गायब हो गया था। उसे संदेह था कि मोबाइल उसके सहपाठी हितेश आहूजा ने लिया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते छायांक को बातचीत के बहाने मिलने के लिए बुलाया गया।

बताया गया कि पहले रानीताल चौक पर मिलने की बात हुई, लेकिन बाद में स्थान बदलकर शारदा चौक कर दिया गया। जैसे ही छायांक अपने मित्र भविष्य विश्वकर्मा और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा, पहले से मौजूद युवकों ने उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और चाकू से हमला कर दिया गया।

हमले में छायांक यादव के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे भविष्य विश्वकर्मा के पैर पर चाकू लगने से वह भी घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
और नया पुराने