कार सीख रही किशोरी से अनियंत्रित हुई गाड़ी, दीवार तोड़कर घर में घुसी - Khabri Guru

Breaking

कार सीख रही किशोरी से अनियंत्रित हुई गाड़ी, दीवार तोड़कर घर में घुसी

जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र की एलआईसी कॉलोनी (प्रेमनगर) में कार चलाना सीख रही एक 16 वर्षीय किशोरी से बड़ा हादसा हो गया। अभ्यास के दौरान कार अचानक बेकाबू हो गई और सामने स्थित एक मकान की बाउंड्रीवाल व दीवार तोड़ते हुए सीधे घर के अंदर जा घुसी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी बिना किसी प्रशिक्षक या अनुभवी चालक की निगरानी के कार चला रही थी। इसी दौरान वाहन पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार कार सीधे सामने बने मकान से जा टकराई और दीवार तोड़ते हुए कमरे तक पहुंच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवार का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

हालांकि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कार में लगे एयरबैग समय पर खुल जाने से किशोरी गंभीर चोट से बच गई। वहीं, जिस कमरे में कार घुसी, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। यदि कमरे में कोई व्यक्ति होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना में कार और मकान दोनों को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद कॉलोनी में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों ने बिना प्रशिक्षक और पर्याप्त अनुभव के नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से सतर्कता बरतने की अपील की।

पेज