अवैध पिस्टल के साथ उमाघाट में युवक गिरफ्तार - Khabri Guru

Breaking

अवैध पिस्टल के साथ उमाघाट में युवक गिरफ्तार


जबलपुर। ग्वारीघाट थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उमाघाट क्षेत्र से एक युवक को लोडेड देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और उसमें लोड एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने बताया कि पुलिस को देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि उमाघाट स्थित रामघाट की सीढ़ियों के पास एक युवक संदिग्ध हालत में हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ने की कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम आकाश उर्फ अक्कू बर्मन (21 वर्ष) निवासी ककरैया तलैया, छोटी लाइन फाटक, गोरखपुर क्षेत्र बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर में खोंसी हुई एक अवैध देशी पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में एक जिंदा कारतूस लोड था।

पुलिस ने पिस्टल और कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने हथियार कहां से प्राप्त किया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

पेज