भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। हादसा भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर गोहद के पास छीमका गांव में रात करीब एक बजे हुआ। मजदूरों से भरी पिकअप सामने से आ रहे डंपर ट्रक से टकरा गई। सभी मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई का काम पूरा कर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने घर लौट रहे थे।
मवेशियों को बचाने के प्रयास में बिगड़ा पिकअप का संतुलन
गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाईवे पर कुछ मवेशी बैठे हुए थे। अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप गलत दिशा में चली गई। सामने से आ रहे डंपर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई मजदूर वाहन के अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला।
पांच मजदूरों ने मौके पर तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, हादसे में आठ मजदूरों की मौत हुई है। इनमें पांच मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे में घायल 32 मजदूरों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
धान की रोपाई पूरी कर लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, सभी मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई के लिए आए थे। काम पूरा होने के बाद वे पिकअप से लखीमपुर खीरी स्थित अपने घर लौट रहे थे। रात के सफर के दौरान छीमका गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। हादसे के कारणों के साथ हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
