Breaking

नक्सल प्रभावित बोंदारी में सीएम मोहन यादव का संवाद, बालाघाट के विकास के लिए 225 करोड़ के कार्यों की घोषणा



बालाघाट, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बालाघाट जिले के पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे ग्राम बोंदारी पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीणों की मूलभूत जरूरतों को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा की।

इस दौरान प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, सांसद भारती पारधी, मंत्री संपतिया उइके, स्थानीय विधायक संजय उइके एवं मधु भगत सहित सरपंच, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से चर्चा के दौरान पशुपालन को बढ़ावा देने, आवास सुविधा, पोषण आहार के प्रति जागरूकता, वन विभाग के सहयोग, चिकित्सा एवं शिक्षा सुविधाओं तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे और पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में अब सुरक्षा के साथ विकास और विकास के साथ रोजगार को प्राथमिकता दी जा रही है। स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाकर ग्रामीणों की आय में वृद्धि और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बालाघाट जिले के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से 225 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इन कार्यों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और वन आधारित आजीविका सहित रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़े कार्य शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन तथा अन्य रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि बालाघाट के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति के साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिले और प्रत्येक गांव एवं परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

और नया पुराने