Breaking

सेब से भरा ट्रक पलटा, मदद को पहुंचे हाथ या सेब उठाने? सड़क पर हादसे से ज्यादा ‘लूट’ का मंजर



जबलपुर। सड़क पर एक ट्रक पलटता है। चालक भीतर फंस जाता है। चारों तरफ सेब की पेटियां बिखर जाती हैं। ऐसे वक्त में उम्मीद होती है कि लोग घायल की मदद के लिए आगे आएंगे। लेकिन पाटन के आगे शनि मंदिर के पास तस्वीर कुछ और ही नजर आई। हादसे के बाद सड़क पर बिखरे सेब लोगों के लिए मदद से ज्यादा आकर्षण का केंद्र बन गए।

दमोह से जबलपुर आ रहा सेब से भरा ट्रक क्रमांक MP 15 ZL 1510 पाटन के आगे शनि मंदिर के पास तेज बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें रखी सेब की पेटियां सड़क पर फैल गईं। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

चालक के मुताबिक ट्रक पलटने के बाद वह कुछ देर तक अंदर फंसा रहा और मदद के लिए आवाज लगाता रहा। काफी मशक्कत के बाद वह खुद ट्रक से बाहर निकलने में सफल हुआ। इसके बाद उसने पाटन थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

हादसे की खबर सुनकर पहुंचे लोग, लेकिन नजर घायल पर नहीं सेब पर

ट्रक पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। सड़क पर बिखरे सेब और पेटियां देखकर भीड़ बढ़ती गई। चालक का आरोप है कि कई लोगों ने उसकी मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे सेब उठाना शुरू कर दिया।

देखते ही देखते हालात ऐसे हो गए कि हादसे वाली सड़क मदद के इंतजार से ज्यादा सेब समेटने की जगह नजर आने लगी। जिसे जितने सेब हाथ लगे, वह लेकर चलता बना।

यह सवाल भी खड़ा होता है कि सड़क हादसे में किसी की जान बचाने के लिए आगे बढ़ने वाली भीड़ आखिर सामान बिखरते ही उसकी मालिक क्यों बन जाती है?

पुलिस पहुंची तो संभली स्थिति

सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे सेब उठाकर ले जा रहे लोगों को हटाया। इसके बाद दूसरे ट्रक की मदद से सेब की पेटियों को दोबारा लोड कराया गया और उन्हें जबलपुर स्थित व्यापारी के यहां भेजा गया।

हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि ट्रक पलटने और सड़क पर सेब की पेटियां बिखरने से यातायात कुछ समय तक प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और यातायात को सामान्य कराया।


और नया पुराने