दमोह। नरसिंहगढ़ के पास सुनार नदी में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रानगिर निवासी 20 वर्षीय अंकित यादव ने अचानक उफनती नदी में छलांग लगा दी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अंकित नया मोबाइल दिलाने की मांग को लेकर परिजनों से जिद कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर उसने गुस्से में नदी में छलांग लगा दी।
बेटे को बचाने नदी में उतरे 68 वर्षीय पिता
जवान बेटे को नदी में डूबता देखकर उसके 68 वर्षीय पिता द्वारिका यादव भी उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। देखते ही देखते पिता-पुत्र दोनों नदी के गहरे पानी में डूबने लगे। यह देखकर घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई।
नाविक ने दिखाई सूझबूझ, दोनों को सुरक्षित निकाला
चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद माझी समाज के डालचंद रायकवार तत्काल अपनी नाव लेकर नदी में पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा कड़ी मशक्कत के बाद पिता-पुत्र दोनों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। समय रहते नाविक की मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
एक साल पहले रानगिर में रहने आया था परिवार
स्थानीय लोगों के अनुसार, द्वारिका यादव मूल रूप से दमोह शहर के बजरिया क्षेत्र के रहने वाले हैं। करीब एक साल पहले ही वह अपने परिवार के साथ रानगिर में आकर रहने लगे थे। घटना के बाद पिता-पुत्र दोनों के सुरक्षित बचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
