जबलपुर। हनुमानताल थाना पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल चोरी की वारदातों में कथित रूप से शामिल दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एक्सिस स्कूटर, दो ई-रिक्शा और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
संदिग्ध हालत में खड़े थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मंडी मदार टेकरी स्थित वजूखाना के पास दो संदिग्ध युवक स्प्लेंडर बाइक और एक्सिस स्कूटर के साथ खड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर हनुमानताल पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से आईफोन, वीवो, जियोनी, रेडमी और सैमसंग कंपनी के छह मोबाइल फोन मिले। पुलिस ने जब वाहनों के संबंध में पूछताछ की तो आरोपियों ने एक्सिस स्कूटर को पिछले वर्ष घोड़ानक्कास क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया।
ग्वारीघाट और विजय नगर से चोरी किए ई-रिक्शा भी मिले
पुलिस पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर ग्वारीघाट और विजय नगर क्षेत्र से चोरी किए गए दो ई-रिक्शा भी बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक के साथ बिना नंबर का चोरी का एक्सिस स्कूटर, छह मोबाइल फोन और दो ई-रिक्शा जब्त किए हैं।
मुख्य आरोपी पर पहले से 14 मामले दर्ज
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी समीर उर्फ कंजा के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ और चोरी सहित कुल 14 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से अन्य वाहन और मोबाइल चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- समीर उर्फ कंजा, उम्र 25 वर्ष, निवासी टेढ़ीनीम दरगाह के पास, हनुमानताल।
- अविनाश चौधरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी सिंधी कैंप, हनुमानताल।
पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
