जबलपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड्डा दादा ग्राउंड के पास कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रॉली अटैची और बैग में छिपाकर रखा गया 18 किलो 682 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 34 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड्डा दादा मैदान के पास एक महिला और दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। उनके पास ट्रॉली अटैची और बैग हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखकर तीनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अनिकेत श्रीपाल (20), निवासी गांधी चौक रांझी, दीपू उर्फ देव रजक (22), निवासी चिकनी कुआ गढ़ा और कमला बाई अहिरवार (45), निवासी बढ़ैया खेड़ा, थाना ठेमी, जिला नरसिंहपुर, वर्तमान निवासी पुरवा झंडा चौक गढ़ा के रूप में हुई।
अटैची और बैग से बरामद हुआ गांजा
तलाशी के दौरान अनिकेत श्रीपाल की ट्रॉली अटैची से चार पैकेट, दीपू उर्फ देव रजक के बैग से चार पैकेट और कमला बाई के बैग से दो पैकिंग बरामद की गईं। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 18 किलो 682 ग्राम निकली।
पुलिस ने गांजा जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां खपाने की तैयारी थी।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडे, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रदीप तेकाम, आरक्षक राजेश मिश्रा, राजेश मात्रे, अजीत सिंह तथा थाना गढ़ा के उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद अहिरवार, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, सत्यनारायण ठाकुर, संदीप डेहरिया, आरक्षक गौरव, हेमंत पटेल और महिला सैनिक उमा पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
