Breaking

जबलपुर जेल में 28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन, बंदियों से मुलाकात के लिए 15 मिनट का समय तय; कैंटीन से ही लेनी होगी राखी-मिठाई

 


जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार में आगामी 28 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान जेल में निरुद्ध भाई-बहनों को आपसी मुलाकात के लिए 15 मिनट का समय दिया जाएगा। जेल प्रशासन ने मुलाकात को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एनएसए के तहत निरुद्ध बंदियों से मिलने के लिए कलेक्टर की अनुमति अनिवार्य रहेगी।

केंद्रीय कारागार के जेलर मदन कमलेश ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जेल परिसर में रक्षाबंधन के अवसर पर बंदियों को उनके परिजनों से मुलाकात कराई जाएगी। मुलाकात के लिए परिजनों को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक अपना नाम दर्ज कराना होगा। बंदियों की मुलाकात नई जेल परिसर में कराई जाएगी।

जेल प्रशासन के अनुसार, भाइयों को राखी बांधने आने वाली महिलाओं के साथ पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति रहेगी। वहीं महिला बंदियों से मिलने आने वाले पुरुष परिजनों की मुलाकात नई जेल के कार्यालय परिसर में अलग से कराई जाएगी।

घर से सामान लाने पर रोक

जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंदियों के परिजन घर से राखी, मिठाई या अन्य सामग्री जेल के अंदर नहीं ले जा सकेंगे। इसके लिए जेल कैंटीन में विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। परिजन इन्हीं स्टॉल से निर्धारित सामग्री खरीदकर बंदियों तक पहुंचा सकेंगे।

प्रत्येक परिवार को जेल कैंटीन से आधा किलो मिष्ठान, आधा किलो सेब, आधा किलो केला, रूमाल, रक्षासूत्र, समोसे और कुमकुम ले जाने की अनुमति रहेगी। जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की है।

और नया पुराने