Breaking

जबलपुर में मिलावटखोरों पर शिकंजा: खाद्य सुरक्षा टीम ने 8 दुकानों की जांच, 18 सैंपल जांच के लिए भेजे

 



जबलपुर। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन और राजस्व विभाग ने संयुक्त जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर की खोवा मंडी और प्रमुख मिष्ठान दुकानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

जांच दल ने सबसे पहले खोवा मंडी पहुंचकर 8 दुकानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान खोवा के 6 अलग-अलग नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके बाद कमानिया स्थित बड़कुल स्वीट्स का निरीक्षण किया गया, जहां मावे से तैयार मिठाइयों के 3 सैंपल लिए गए।

इसी क्रम में नरघईया स्थित देवी स्वीट्स से मिठाइयों के 3 नमूने और विजय नगर स्थित बीकानेर स्वीट्स से 4 सैंपल लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूनों को गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा खाद्य पदार्थ अमानक स्तर का पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

और नया पुराने