Breaking

जबलपुर में अवैध हथियारों पर पुलिस का शिकंजा: 3 देसी पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस के साथ बदमाश गिरफ्तार, NSA आरोपी से खरीदे थे हथियार



जबलपुर। जिले में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत लॉर्डगंज थाना पुलिस ने शताब्दीपुरम क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 देसी पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान 9 अगस्त को लॉर्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि शताब्दीपुरम में जेडीए बिल्डिंग्स के पास एक युवक देसी पिस्तौल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रेमलाल उर्फ संदीप सोनी (21), निवासी शांतिनगर, दमोह नाका, थाना गोहलपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से तीन देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।

NSA आरोपी से खरीदे थे हथियार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने ये हथियार अपने साथी लकी पटेल (24) से खरीदे थे। पुलिस के मुताबिक लकी पटेल के खिलाफ NSA के तहत कार्रवाई हो चुकी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हथियारों का इस्तेमाल इलाके में दहशत फैलाने और लोगों को डराने-धमकाने के लिए करना चाहता था।

पुलिस अब हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और लकी पटेल समेत अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
और नया पुराने