जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में कृषि उपज मंडी गेट के सामने स्थित महफिल बार में 20 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सहकर्मी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हंसी-मजाक के दौरान हुई छींटाकशी को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपी युवक ने किचन में रखे धारदार चाकू से युवती पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार पाटन के उड़ना पौड़ी निवासी मुस्कान चौधरी (20) महफिल बार में काम करती थी। 14 अगस्त की शाम काम के दौरान उसका सहकर्मी पवन बर्मन (27) से हंसी-मजाक चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पवन ने किचन में रखा चाकू उठाकर मुस्कान के पेट और सीने पर कई वार कर दिए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
चाकू के हमले में मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। बार स्टाफ उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर पुलिस ने मृतका के भाई लकी उर्फ राकेश चौधरी की शिकायत और बार स्टाफ के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (IPS) के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव और एफएसएल अधिकारी डॉ. नीता जैन मौके पर पहुंचीं। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
भोला नगर से आरोपी गिरफ्तार
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पाण्डे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने भोला नगर में दबिश देकर आरोपी पवन बर्मन को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी मूल रूप से खिरहनी बरगी का निवासी है और वर्तमान में आईटीआई माढ़ोताल क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी को रिकॉर्ड समय में गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी रीतेश पाण्डे, उप निरीक्षक रवि सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक लवकेश, प्रमोद राय, शारदा मिश्रा, अमित पटेल तथा आरक्षक हरेन्द्र और आशीष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
