Breaking

मोमोज के पैकेट में मिले जिंदा कीड़े, छात्रा ने की शिकायत; खाद्य विभाग ने जांच का दिया भरोसा

 

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में ऑनलाइन मंगाए गए मोमोज की गुणवत्ता को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। विजयनगर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए पनीर मोमोज ऑर्डर किए थे। पैकेट खोलने पर उसमें जिंदा और मरे हुए कीड़े मिलने का दावा किया गया है। घटना के बाद खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

पनीर मोमोज के पैकेट में दिखे कीड़े

मामला विजयनगर स्थित ‘पॉपुलर फ्रेश मोमोज एन मोर’ आउटलेट से जुड़ा बताया जा रहा है। छात्रा के अनुसार, उसने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पनीर मोमोज मंगाए थे। हॉस्टल के कमरे में डिलीवरी मिलने के बाद जैसे ही पैकेट खोला गया, मोमोज की सतह पर कई कीड़े दिखाई दिए।

छात्रा का दावा है कि इनमें कुछ कीड़े जिंदा थे, जबकि कुछ मृत अवस्था में मिले। घटना सामने आने के बाद उसने मोमोज की तस्वीरें और वीडियो भी बनाए और संबंधित विक्रेता से शिकायत की।

शिकायत के बाद रिटर्न की बात

छात्रा के मुताबिक, शिकायत करने पर आउटलेट की ओर से समस्या की गंभीरता पर तत्काल कार्रवाई करने के बजाय डिलीवरी वापस करने की बात कही गई। इससे छात्रा नाराज हो गई और उसने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा स्वच्छता को लेकर कार्रवाई की मांग उठाई।

घटना ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए मिलने वाले तैयार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

शिकायत मिलने पर होगी सैंपलिंग

मामले को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कहा गया है कि औपचारिक शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित रेस्टोरेंट और आउटलेट का निरीक्षण किया जाएगा। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी।

विभाग के अनुसार, जांच में यदि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद विभाग की जांच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।

और नया पुराने