Breaking

नर्मदा में पिता-पुत्र डूबे, दर्शन के बाद स्नान करने पहुंचे थे; देर शाम तक तलाश जारी



जबलपुर। चरगंवा थाना क्षेत्र के भड़पुरा घाट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आश्रम में दर्शन करने के बाद नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंचे महाराष्ट्र निवासी पिता-पुत्र गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

पुलिस के अनुसार 34 वर्षीय गणेश पाटिल और उनका 10 वर्षीय पुत्र लकी पटेल महाराष्ट्र से भड़पुरा आश्रम में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद दोनों नर्मदा नदी में स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान लकी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पुत्र को डूबता देख पिता गणेश ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों नदी में समा गए।

हादसे के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ लोगों ने नदी में उतरकर दोनों की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के पहुंचने के बाद स्थानीय गोताखोरों और तैराकों को नदी में उतारा गया। बचाव दल ने नदी के संभावित स्थानों के साथ घाट के आसपास के हिस्से में भी तलाश अभियान चलाया। देर शाम तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था और उनकी तलाश लगातार जारी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद घाट पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

दर्शन के बाद हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया गया कि पिता-पुत्र धार्मिक यात्रा पर निकले थे। आश्रम में दर्शन करने के बाद वे नदी में स्नान करने पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। हादसे की सूचना महाराष्ट्र में उनके परिजनों तक पहुंचने के बाद परिवार में चिंता और शोक का माहौल है।

पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। वहीं बचाव दल द्वारा नदी के गहरे हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

और नया पुराने