जबलपुर। ट्रांसपोर्ट नगर मेन रोड के निर्माण कार्य में पिछले तीन महीनों से जारी कथित लापरवाही के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को सैकड़ों स्थानीय नागरिकों के साथ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और रहवासियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ शर्मा एवं पूर्व पार्षद जितिन राज ने आरोप लगाया कि ट्रांसपोर्ट नगर मेन रोड का निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा है। इसके चलते आसपास की करीब 20 कॉलोनियों में रहने वाले हजारों नागरिकों को रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है।
अधूरी सड़क के कारण क्षेत्र में जगह-जगह कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं, निर्माण कार्य में देरी के कारण क्षेत्र की व्यापारिक और आवासीय गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। मुख्य मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति रहने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। निर्माण कार्य बंद होने से कॉलोनियों का मुख्य संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।
पूर्व पार्षद जितिन राज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो सांकेतिक प्रदर्शन को उग्र आंदोलन में बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता रितेश अग्रवाल, अन्नू तिवारी, संजय उपाध्याय, मनीष खरे, अभिषेक यादव, ममता ठाकुर, राजा रैकवार, बसंत ठाकुर, सौरभ मिश्रा, मेवालाल पटेल, रवींद्र गौतम, पिंटू चौधरी, पप्पी सोनी, दिलीप चमकेल, संदीप झिरने, विजय विश्वकर्मा, सनी अधिकारी, निहाल कलसिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
