Breaking

होटल भाग्यश्री में क्राइम ब्रांच और पनागर पुलिस की दबिश, ताश की गड्डियां और मोबाइल भी जब्त

 

जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे कथित हाईप्रोफाइल जुआ फड़ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच और पनागर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर होटल भाग्यश्री में दबिश देकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 लाख 6 हजार रुपये नकद, ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि पनागर स्थित भाग्यश्री होटल के एक कमरे में बड़े पैमाने पर ताश पर रुपये का दांव लगाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद क्राइम ब्रांच ने पनागर पुलिस के साथ मिलकर होटल की घेराबंदी की और देर रात कमरे में अचानक दबिश दी।

पुलिस टीम को देखते ही कमरे में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आरोपियों ने कथित तौर पर भागने और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।

15 लाख से ज्यादा की नकदी बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ताश की गड्डियां, महंगे स्मार्टफोन और 15 लाख 6 हजार रुपये की नकदी बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहनलाल चौरसिया, सुशील चौरसिया, हनीफ खान और शुभम पटेल के रूप में हुई है।

होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वहीं, अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि होटल परिसर में इतने बड़े स्तर पर कथित जुआ फड़ संचालित होने की जानकारी होटल मालिक या कर्मचारियों को थी या नहीं।

पुलिस होटल प्रबंधन और कर्मचारियों की भूमिका समेत जुआ फड़ से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। बड़ी मात्रा में नकदी के साथ हुई इस कार्रवाई के बाद पनागर क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।

और नया पुराने