जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में एक इंजीनियरिंग छात्र को चाकू की नोक पर धमकाकर लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाश आयुष राजपूत ने छात्र अविनाश कुमार को रास्ते में रोककर चाकू अड़ाया और उसे तिवारी रेस्टोरेंट ले गया। यहां आरोपी ने छात्र की जेब से 5 हजार रुपये नकद निकाल लिए और चाकू मारने की धमकी देकर 5 हजार रुपये UPI के जरिए दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए।
पुलिस के अनुसार राहुल प्लाट्स, नीमखेड़ा, गोराबाजार निवासी 21 वर्षीय अविनाश कुमार श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई करता है। वह प्रैक्टिकल परीक्षा देकर कॉलेज से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आयुष राजपूत ने उसे रोक लिया और चाकू दिखाकर धमकाने लगा।
आरोप है कि बदमाश छात्र को चाकू की नोक पर तिवारी रेस्टोरेंट ले गया। वहां उसने अविनाश की जेब से 5 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद धमकाकर सुमित सिंह गौर के खाते में UPI के माध्यम से 5 हजार रुपये ट्रांसफर कराए।
चाय-नाश्ते का बिल भी छात्र से भरवाया
लूट यहीं नहीं रुकी। आरोपी ने रेस्टोरेंट में चाय-नाश्ता भी किया और उसका भुगतान छात्र से कराया। इस दौरान उसने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। चाकू की धमकी के चलते छात्र दहशत में रहा और विरोध नहीं कर सका।
इसके बाद आरोपी आयुष राजपूत धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घर पहुंचकर अविनाश ने परिजनों और दोस्तों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 309(6), 296(ए) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी आयुष राजपूत की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
