जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में रिंग रोड किनारे ब्रिज के पास अवैध शराब बेचने की तैयारी कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को देखते ही शराब से भरी बोरियां छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान तीन बोरियों से करीब 333 पाव देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार भिड़ारीकला, पनागर निवासी रूपेश साहू (33) रिंग रोड किनारे ब्रिज के पास प्लास्टिक की तीन बोरियों में देशी शराब रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिली थी। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखते ही रूपेश शराब छोड़कर भागने लगा।
संदेह के आधार पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। मौके पर तीन प्लास्टिक की बोरियों में बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अलग-अलग शराब दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर ढाबों और लोगों को बेचता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अवैध शराब के साथ आरोपी को पकड़ने में प्रधान आरक्षक नीलकंठ पटेल, आरक्षक दिलीप गुप्ता और पुष्पेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
