जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम तेवर में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला का शव गुरुवार सुबह उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार ग्राम तेवर निवासी दशरथ दुबे के बड़े बेटे की शादी ग्राम महगवां, बरेला निवासी कंचन दुबे से हुई थी। बुधवार रात करीब 10 बजे कंचन ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भोजन किया। इसके बाद घर का काम निपटाकर वह अपने कमरे में सोने चली गई। परिवार के अन्य सदस्य भी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे तक कंचन कमरे से बाहर नहीं आई। इस पर बेटे दीपक ने कमरे के बाहर से आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उसने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो कंचन फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। यह देखकर दीपक चीख पड़ा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची भेड़ाघाट थाना पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
