कटनी/भोपाल। कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया के खिलाफ दर्ज FIR के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। उन पर पुलिस पद और प्रभाव का कथित दुरुपयोग कर जमीन का सौदा कराने तथा अवैध वसूली से जुड़े गंभीर आरोप हैं।
मामला कटनी के कुठला थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले से जुड़े जमीन विवाद से सामने आया है। आरोप है कि हत्या के आरोपी के परिवार पर पुलिसिया दबाव बनाकर करीब 82.86 लाख रुपये की गाइडलाइन वैल्यू वाली जमीन महज 18.20 लाख रुपये में रजिस्ट्री कराई गई। इस मामले में CSP नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और आरोपी को बचाने सहित विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की गई है।
जांच के बाद दर्ज हुई FIR
नेहा पच्चीसिया के खिलाफ इससे पहले एक ट्रांसपोर्टर ने कथित अवैध वसूली की शिकायत भी की थी। शिकायत के बाद कटनी पुलिस ने उनके ड्राइवर को निलंबित किया था और CSP से कुछ थानों का प्रभार भी वापस लिया गया था। इसके बाद जबलपुर रेंज के आईजी के निर्देश पर मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IPS अनु बेनीवाल को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान जमीन के सौदे, कथित दबाव और पैसों के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की गई। रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपे जाने के बाद कुठला थाने में CSP समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस बैंक खातों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
CM ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
FIR के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए CSP नेहा पच्चीसिया को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन में पद के दुरुपयोग, दबाव या लापरवाही को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले नेहा पच्चीसिया ने अपने क्षेत्र से कुछ थानों का प्रभार हटाए जाने के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने प्रशासनिक निर्णय में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए एसपी के आदेश को बरकरार रखा था।
