Breaking

जागरूकता यात्रा की अनुमति नहीं मिली तो पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, 24 घंटे से हाईवोल्टेज ड्रामा जारी

 


शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर में अपनी मांग पूरी कराने के लिए एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। भौती मनपुरा निवासी दिनेश सगर गुरुवार दोपहर एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित पानी की टंकी पर चढ़ा था। शुक्रवार सुबह 11 बजे तक करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद वह नीचे नहीं उतरा। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।

जागरूकता यात्रा की अनुमति नहीं मिलने से नाराज

दिनेश सगर ने 19 अगस्त को पिछोर एसडीएम को आवेदन देकर विधानसभा क्षेत्र में 22 दिवसीय शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक परिवर्तन जागरूकता यात्रा निकालने की अनुमति मांगी थी। युवक के मुताबिक यात्रा 20 अगस्त से शुरू होनी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद वह नाराज हो गया।

गुरुवार दोपहर वह अपनी मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा और कुछ देर बाद पानी की टंकी पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे कई बार समझाकर नीचे उतरने की अपील की, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा।

गांव-गांव जागरूकता फैलाने की योजना

टंकी पर चढ़े दिनेश सगर का कहना है कि प्रस्तावित यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव जाकर युवाओं और विद्यार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक परिवर्तन के प्रति जागरूक करना है। उसका दावा है कि यात्रा के दौरान किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया जाना था।

मामले को लेकर प्रशासन की चिंता उस समय और बढ़ गई, जब युवक के पास पेट्रोल से भरी बोतल होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और उसे लगातार समझाने का प्रयास किया।

प्रशासन ने अनुमति देने से किया इनकार

पिछोर एसडीएम ममता शाक्य के अनुसार, युवक ने करीब 25 दिनों तक स्कूलों, अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य शासकीय संस्थानों के निरीक्षण की अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने इस तरह के निरीक्षण की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

एसडीएम के मुताबिक, अनुमति नहीं मिलने के बाद युवक प्रशासन पर अपनी मांग स्वीकार करने का दबाव बनाने लगा और इसी के चलते पानी की टंकी पर चढ़ गया। प्रशासन की टीम लगातार उससे बातचीत कर रही है और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।

और नया पुराने