Breaking

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में बढ़ा विवाद, कुलसचिव डॉ. सोनवाल ने मांगा तबादला; बोले- शिकायतों से कामकाज प्रभावित



 जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने अपने खिलाफ लगातार की जा रही शिकायतों और कथित षड्यंत्रों से परेशान होकर किसी अन्य विश्वविद्यालय में स्थानांतरण की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने विश्वविद्यालय के मौजूदा माहौल को लेकर मानसिक तनाव और काम करने के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं होने की बात कही है।

शिकायतों के जवाब में बीत रहा आधा समय

डॉ. सोनवाल ने 16 अगस्त को कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा को पत्र लिखकर अपनी स्थिति से अवगत कराया था। कुलगुरु द्वारा पत्र उच्च शिक्षा मंत्री को भेजे जाने के बाद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक गलियारों में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कुलसचिव ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ लगातार शिकायतें की जा रही हैं और अलग-अलग तरह की परिस्थितियां पैदा की जा रही हैं। इन शिकायतों का जवाब तैयार करने में उनका काफी समय लग रहा है। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय में उनका करीब आधा समय शिकायतों के जवाब देने में ही बीत रहा है।

उनका कहना है कि इसके चलते छात्र हित से जुड़े काम और विश्वविद्यालय के महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

‘हालात पर किताब लिखी जा सकती है’

डॉ. सोनवाल ने विश्वविद्यालय की मौजूदा परिस्थितियों को जटिल बताते हुए पत्र में कहा है कि यदि यहां के हालात का पूरा विवरण सामने रखा जाए तो उस पर एक किताब लिखी जा सकती है। उन्होंने लगातार तनाव में रहने का भी उल्लेख किया है।

कुलसचिव के इस पत्र के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय के भीतर चल रही प्रशासनिक गतिविधियों और शिकायतों को लेकर नए सिरे से चर्चा शुरू हो गई है।

बेटे को भी उज्जैन भेजा

कुलसचिव ने पत्र में यह भी बताया कि उन्होंने अपने बेटे का दाखिला रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कराया था। हालांकि, विश्वविद्यालय के मौजूदा माहौल को देखते हुए उन्होंने बेटे को दोबारा उज्जैन भेज दिया।

डॉ. सोनवाल ने उच्च शिक्षा मंत्री से जल्द से जल्द किसी अन्य विश्वविद्यालय में स्थानांतरण किए जाने का अनुरोध किया है। अब इस पत्र पर उच्च शिक्षा विभाग की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सबकी नजर है।

और नया पुराने